L19/DESK : राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में माकपा नेता और आदिवासी समाजसेवी सुभाष मुंडा हत्याकांड की जांच व अपराधियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस मुख्यालय के आदेश पर रांची के एसपी सिटी शुभांशु जैन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इस बीच पूरे घटनाक्रम के विश्लेषण के बाद कर्तव्य में लापरवाही व आपराधिक घटनाओं के रोकथाम में असफल रहने के कारण नगड़ी के थाना प्रभारी दारोगा ओम प्रकाश टोप्पो को निलंबित किया गया है और उनके स्थान पर नए थानेदार को नियुक्त किया गया है, जो एसपी सिटी की उक्त SIT में शामिल हैं। डीजीपी अजय कुमार सिंह ने रांची के एसएसपी व SIT को सख्त आदेश दिया है कि इस घटना में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करें और सख्त कानूनी कार्रवाई करें। इस मामले पर पुलिस मुख्यालय की ओर से भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने इससे संबंधित गुरुवार को अधिकृत बयान जारी किया।
बताते चलें कि यह घटना बुधवार की रात करीब आठ बजे की है,जब रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र में दलादली चौक स्थित कार्यालय में दिवंगत सुभाष मुंडा को तीन अपराधियों ने गोलियां मार दी थी। जिससे गंभीर रूप से जख्मी सुभाष मुंडा की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद अपराधियों की धर-पकड़ के लिए नाकेबंदी व छापेमारी तेज की गई है। इस पूरे प्रकरण में नगड़ी थाने में 27 जुलाई को अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या व आर्म्स एक्ट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नवगठित एसआइटी अपराधियों की तलाश में जुटी है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है एवं तकनीकी खुफिया सूचनाओं को भी जुटाया जा रहा है.माकपा नेता सुभाष मुंडा की हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों व उनके स्वजनों में आक्रोश हो गया। गुरुवार की सुबह से ही नगड़ी, रातू इलाके में विधि-व्यवस्था का संकट उत्पन्न हो गया। इसे देखते हुए मौके पर एसपी ग्रामीण, एसपी सिटी, डीएसपी मुख्यालय-2, घटनास्थल पर पहुंचे। मामला बढ़ा तो रांची प्रक्षेत्र के आइजी पंकज कंबोज ने विधि व्यवस्था की कमान संभाल ली। उनके नेतृत्व में डीआइजी अनूप बिरथरे व एसएसपी रांची किशोर कौशल विधि व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।