GODDA : मंगलवार की सुबह रामनगर ओवरब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें रामनगर निवासी श्रीकांत राउत की मौके पर ही मौत हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीकांत राउत सुबह एनएच-133 में टहलने निकले थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह ओवरब्रिज से नीचे जा गिरे. गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-133 को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. ग्रामीणों की मांग थी कि दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए. घटना की सूचना मिलते ही मंत्री पुत्र रजनीश यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली. उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया. वहीं नगर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही.

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें : डीईओ सह डीसी ने रिसिविंग सेंटर सह वज्रगृह का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
