Nakib
RANCHI : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने 8 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. खासकर पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भाग के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मां कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना, राज्य की प्रगति की कामना की
मौसम विभाग के अनुसार 8 अप्रैल को आसमान में घने बादल छाये रहेंगे. कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ ओलावृष्टि और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
इस अलर्ट के दायरे में राजधानी रांची, खूंटी, रामगढ़ और हजारीबाग समेत कुल 17 जिले शामिल हैं. प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
वहीं 9 अप्रैल को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा. रांची सहित 14 जिलों में मेघ गर्जन, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि बारिश की तीव्रता कम रह सकती है, लेकिन बिजली गिरने और तेज हवा का खतरा बना रहेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक 10 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. आसमान में बादल तो बने रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम हो जाएगी. इसके साथ ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू होगी.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम के इस दौर में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर ही रहें.
इसे भी पढ़ें : रांची समेत धनबाद और साहिबगंज सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी
