Aanchal
RANCHI : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. पिछले कुछ दिनों में जहां बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने लोगों को राहत भी दी और परेशानी भी बढ़ाई, वहीं अब गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है.
इसे भी पढ़ें : पथरगामा में वज्रपात से 8 वर्षीय बच्ची की मौत, प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील
मौसम विभाग के अनुसार आज भले ही कुछ इलाकों में बारिश से थोड़ी राहत मिले, लेकिन अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले चार दिनों में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी और कई जिलों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है. 14 अप्रैल के बाद उमस भी बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को ज्यादा गर्मी महसूस होगी. हाल ही में सरायकेला में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रांची के नामकुम में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रहा. गोड्डा में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है.
वहीं खराब मौसम का असर जनजीवन पर भी साफ देखने को मिला है. आंधी और वज्रपात की वजह से पिछले दो दिनों में तीन लोगों की जान चली गई, जिसमें एक सीआरपीएफ जवान भी शामिल है. कई जगहों पर पेड़ गिरने और फसलों को नुकसान हुआ है, खासकर सब्जी उगाने वाले किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है.
इसका असर बाजार में भी दिख रहा है, जहां सब्जियों के दाम 5 से 10 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं और नींबू की कीमत दोगुनी हो गई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें.
इसे भी पढ़ें : महिला से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
