Aanchal
DHANBAD : धनबाद में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है. शनिवार को पुलिस ने वासेपुर स्थित उसके घर पर कोर्ट के आदेश के तहत इश्तेहार चिपकाया. इस इश्तेहार में साफ तौर पर कहा गया है कि आरोपी तय समय सीमा के अंदर न्यायालय में आत्मसमर्पण करे, नहीं तो उसके खिलाफ आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : महागामा में भीषण हादसा: ऑउटसोर्सिंग कंपनी (BNS) की तेज रफ्तार गाड़ी ने युवक को रौंदा, दोनों पैर चकनाचूर

पुलिस टीम बैंक मोड़ थाना के अधिकारियों के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और पूरे नियम-कानून के साथ यह कार्रवाई की. इस दौरान इलाके में काफी भीड़ भी जुट गई और लोगों के बीच इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई. पुलिस ने केवल प्रिंस खान ही नहीं, बल्कि उसके भाई गोपी खान और करीबी सहयोगी सेफी खान के ठिकानों पर भी इसी तरह का नोटिस चस्पा किया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर की गई है और यह एक कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है. अगर आरोपी समय पर सरेंडर नहीं करता है, तो अगला कदम उसकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती हो सकता है.
प्रिंस खान और उसके सहयोगियों के खिलाफ रंगदारी, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा है. इसी वजह से अब पुलिस ने उसके करीबियों पर भी दबाव बनाना शुरू कर दिया है, ताकि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि कानून से भागने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा.
इसे भी पढ़ें : गुमला में गैस संकट का असर: शादी के लिए दूल्हे को थाना में देनी पड़ी लकड़ी की परमिशन की अर्जी
