Vijay Thakur
GODDA : महागामा नगर पंचायत में शुक्रवार को नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रबोध सोरेन और उपाध्यक्ष निलेश कुमार सिंह ने औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया. इस अवसर पर नगर पंचायत परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और नगर पंचायत कर्मचारियों की मौजूदगी में दोनों जनप्रतिनिधियों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक परिधानों के बीच हुआ स्वागत समारोह आकर्षण का केंद्र बना रहा.
इसे भी पढ़ें : उपायुक्त मनीष कुमार ने अनुकंपा पर तीन आश्रितों को सौंपा नियुक्ति पत्र
कार्यपालक पदाधिकारी ने योजनाओं की जानकारी दी
पदभार ग्रहण से पूर्व नगर पंचायत सभागार में एक औपचारिक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल ने की. उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षदों का स्वागत करते हुए बुके और पौधा भेंट कर सम्मानित किया. साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के समुचित विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है.

अपने कार्यालय का उद्घाटन अध्यक्ष ने फीता काटकर किया
बैठक के दौरान वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. इनमें साफ-सफाई, पेयजल संकट, सड़क और नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट की कमी समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल रहे. इस पर कार्यपालक पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने फीता काटकर नगर अध्यक्ष कार्यालय का उद्घाटन किया, जबकि उपाध्यक्ष निलेश कुमार सिंह ने भी अपने कार्यालय का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने कार्यालय का निरीक्षण कर कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड पुलिस को 12 नए थाने सहित 636 चार पहिया और 849 दो पहिया वाहनों की मिली सौगात
क्षेत्र का समग्र विकास
अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने कहा कि वे नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे. जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी और सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे. वहीं उपाध्यक्ष निलेश कुमार सिंह ने कहा कि वे अध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर नगर के विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे. कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. नई नेतृत्व टीम से नगर के विकास को लेकर लोगों में उत्साह और उम्मीद साफ तौर पर देखने को मिली.
