
L19 DESK : झारखंड में गर्मी जानलेवा बन गई है। राज्य के सभी जिलों का पारा कमोबेश 40 डिग्री के पार है। पलामू, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम समेत कुछ जिलों में तो पारा 45 के करीब पहुंच गया है। राजधानी रांची का पारा लगातार चौथे दिन 40 डिग्री के पार रहा। इस भीषण गर्मी ने 3 दिन में राज्यभर में गर्मी और लू से 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 7 पलामू के हैं। धनबाद में दो लोगों की जान गई। रामगढ़, दुमका ,जमशेदपुर व रांची के खलारी में एक-एक की जान गई। बता दे की पलामू में शनिवार को एक रोजगार सेवक साकिर हुसैन सहित दो की मौत गर्मी के कारण तबीयत बिगड़ने से हो गई। शुक्रवार को भी जिले में 5 की मौत हुई थी।
रामगढ़ में के सीसीएल में कार्यरत सुरक्षा कर्मी मानो देवी की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि ड्यूटी के दौरान तेज गर्मी से उनका बीपी बढ़ गया था, जिससे वह बेहोश हो गईं। बाद में उनकी मौत हो गई। उधर, दुमका में लू से एसएसबी जवान प्रमोद कुमार की मौत हो गई। वहीं धनबाद के निरसा में एक हाइवा चालक निमाई गोराई की लू से मौत हो गई। वहीं देर शाम धनबाद पुलिस लाइन से में गश खाकर गिरे जवान की भी जान चली गई। पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस बीच, गोड्डा का तापमान शनिवार को 46 डिग्री को पार कर गया। यहां पारा 46.5 डिग्री पर रहा। हालांकि रांची को राहत मिली और पारा 41 से थोड़ा नीचे आ गया। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में 20 जून से बारिश की उम्मीद है। इसके अलावा जगह-जगह लोगों के बेहोश होने और अस्पताल में लू कारण मरीजों की संख्या बढ़ने की भी सूचना है।
