L19/Sahibganj : झारखंड में दिन ब दिन अपराध के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। हमें प्रीतिदिन चोरी, लूट, डकैती और हत्या जैसी खबरों का सामना करना पड़ता है। यह मामला साहिबगंज जिले का है, जहां नगर थाना से महज 50 कदम की दूरी में नॉर्थ कॉलोनी है। जहां एक रेलकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये घटना सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। अपराधियों ने रेलकर्मी राज कुमार चंदन को उसके क्वार्टर में घुसकर गोली मारी। जानकारी के अनुसार गोली चंदन के सिर में लगी, जिस कारण कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
राज कुमार चंदन मूल रूप से बिहार के बांका जिला के मंदार हिल नया टोला के रहने वाले थे। साहिबगंज में वे रेलवे के फोर्थ ग्रेड कर्मी के रूप में कार्यरत थे। जहां वे रेलवे के क्वार्टर में रहते थे। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अमित कुमार अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जाँच पड़ताल में जुट गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पत्नी रिंकू देवी ने बताया कि, सोमवार रात करीब 1:30 बजे अचानक गोली चलने की जोरदार आवाज से मैं डर गयी। मैं अलग कमरे में सोई हुई थी, मेरे पति दूसरे कमरे में सोए थे। मैंने जब उठकर देखा, तो मेरे पति बरामदे और दरवाजे के बीच गिरे पड़े थे। उनके सिर से खून निकल रहा था, वे लंबी-लंबी सांस ले रहे थे। इसके बाद रिंकू देवी ने आसपास के कई लोगों को जगाने की कोशिश की, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद एक व्यक्ति उनकी मदद के लिए आया। रिंकू देवी ने यह भी बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर वो जैसे ही बाहर आईं, तो दो लोग खड़े दिखे थे। उनका अनुमान है कि उन्हीं दो लोगों ने मेरे पति को गोली मारी है। इधर हत्या के कारण का पता नहीं चल पाया है। साहिबगंज पुलिस मामले के अनुसंधान में जुटी है।