L19 DESK : राज्यभर में बड़े ही उल्लास के साथ करम का पर्व मनाया जा रहा है। मंगलवार को करम डाली विसर्जन सुबह से शुरू हुआ। इसी बीच राज्यभर के कई इलाकों से दुखद खबरें भी सामने आ रही हैं। कहीं करम डाली के विसर्जन को दौरान बच्चियों के मौत की खबरें आयीं, कहीं प्रकृति ने अपना कहर ढाया।
बाघमारा में करम डाली विसर्जन के दौरान दो बच्चियों की मौत
धनबाद के बाघमारा से एक दुखद खबर आयी है, जहां माटीगढ़ा डैम में करम डाली विसर्जन के दौरान दो बच्चियां डूब कर मर गयीं। बाघमारा थाना इलाके के जमुनिया नदी के पास स्थित माटीगढ़ा डैम का है जहां करीब आधा दर्जन से अधिक बच्चे करमा विसर्जन करने के लिए पहुंचे थे। इस बीच सभी बच्चे डूबने लगे लेकिन जैसे ही लोगों को इसकी सूचना मिली लोगों ने सभी को बाहर निकाला। इसी बीच दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चों में 10 वर्षीय देवराज कुमार और 14 वर्षीय सलोनी कुमारी शामिल है। दोनों बच्चे माटीगढ़ा के ही रहने वाले थे। घटना की जानकारी के बाद बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाघमारा सीओ से वार्ता हुई है, उन्होंने आश्वासन दिया है कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधान के अनुसार दोनों मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की राशि प्रदान की जाएगी।
चान्हो में दो युवकों की वज्रपात ने ली जान, बाकि पांच घायल
रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के नकटा पहाड़ पर बारिश के बीच बिजली गिरने से दो पर्यटकों की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि ये दोनों रांची और चक्रधरपुर से घूमने आये 8 पर्यटकों के साथ आये थे। इस दौरान तेज आवाज के साथ बिजली गिरी औऱ ये दोनों युवक इसके चपेट में आ गये। इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इन दोनों के अलावा अन्य 5 लोग भी घायल हुए हैं जो फिलहाल इलाजरत हैं।
घायलों में एक की पहचान बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के बगिया निवासी के रूप में हुई है। वह अपने रिश्तेदार के यहां घूमने आया था। वहीं, मृतकों की पहचान कांके थाना क्षेत्र के बुकरू निवासी अफाउल अंसारी और चक्रधरपुर निवासी मो रजा के तौर पर हुई है। इसके अलावा, चक्रधरपुर के मिल्लत कॉलोनी निवासी मोसाद्दीक, चक्रधरपुर के बंगलाटांड़ निवासी आमिर जेब, चक्रधरपुर के बंगलाटांड़ निवासी अतीक इकबाल, रांची के पिठोरिया निवासी आसिफ अंसारी और बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र का निवासी मोबस्सीर सोहेल घायलों की श्रेणी में शामिल हैं।
हजारीबाग के चौपारन में करम डाली विसर्जन करने गयी, तीन बच्चियां नदी में बही, एक की मौत, दो लापता
हजारीबाग के चौपारन में करमा विसर्जन के दौरान बराकर नदी में डूबने से एक बच्ची की मौत हो गयी, वहीं दो बच्चियां अब भी लापता हैं। गोताखोरों की मदद से लापता बच्चियों को खोजा जा रहा है। चौपारण प्रखंड के बच्छई पंचायत के ओबरा गांव में यह घटना घटी है जहां करम पूजा के बाद बच्चियां करमा विसर्जन के लिए बराकर नदी गई थीं। विसर्जन के क्रम में आधा दर्जन बच्चियां नदी में बहने लगी। करम पूजा के बाद गांव की कई लोग बराकर नदी में करमा विसर्जन के लिए गए हुए थे। जब वे नदी में करमा डाली का विसर्जन कर रहे थे इसी बीच नदी की तेज धारा में बच्चियां बहने लगी। वहां मौजूद लोगों ने तीन को मौके से बाहर निकाला लेकिन तीन अन्य बच्चियां नदीं की धारा के साथ बह गए। काफी खोजबीन के बाद एक बच्ची का शव वहां मौजूद लोगों ने बरामद किया, वहीं दो अन्य को खोजा जा रहा है।
नदी की धारा में बह गए तीन बच्चियों में 16 वर्षीय सपना कुमारी , 17 वर्षीय दिव्या कुमारी और 14 वर्षीय प्रेम कुमारी शामिल है। जिसमें से एक बच्ची का शव मिल गया है। बताया जा रहा है 25 सितंबर को अचनाक हुई तेज बारिश की वजह से नदी में तेज बहाव आ गया था।
बगोदर में तड़ित चालक गिरने से 2 लोगों की मौत, 8 जख्मी
बगोदर के हेसला पंचायत में तड़ित चालक (लाइटनिंग रॉड) गिरने से 8 लोग जख्मी हो गये, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों गंभीर रूप से घायलों की पहचान प्रेमचंद ठाकुर और अशोक यादव के तौर पर हुई है। दोनों हेसला के ही रहने वाले हैं। इन्हें हजारीबाग के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। वहीं, जो 8 लोग जख्मी हुए हैं, इनमें सीताराम यादव, महेंद्र महतो, धनेश्वर महतो, गोवर्धन मिस्त्री, रीतलाल सिंह, रूपलाल सिंह, रूपलाल महतो का नाम शामिल है, जिनका इलाज बगोदर सीएससी में चल रहा है।