Arafat
PAKUR : नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर स्थित खेत में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. मृतक युवक की पहचान लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के बड़ा सरसा गांव निवासी 22 वर्षीय मनोहर मंडल के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक युवक बस स्टैंड में किराए का रूम लेकर डिलीवरी बाॅय का काम करता था. शनिवार सुबह जब लोग खेत तरफ गये तो देखा कि एक युवक का शव खेत में पड़ा है. स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने घटना स्थल से संदिग्ध पाउडर भी बरामद किया है. बरामद पाउडर की जांच की जा रही है. साथ ही पुलिस सभी बिंदुओं की जांच में जुट गई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पिता शव को देखकर भावुक हो गए, कहा कि घर का सबसे बड़ा बेटा आज हमलोगों को अचानक छोड़ कर चला गया.
इसे भी पढ़ें : हेमंत सोरेन : सत्ता के शोर में भी जड़ों की आवाज नहीं भूले
पिता से देर रात हुई थी आखिरी बातचीत
मृतक मनोहर मंडल के पिता प्रदीप मंडल ने बताया कि बेटे के साथ आखिरी बार शुक्रवार की रात आठ बजे बात हुई थी. उसने यह कहकर फोन ऑफ कर दिया कि मैं आपलोगों से काफी दूर चला गया हूं. कभी भी आप लोगों से मुलाकात नहीं होगी. फोन ऑफ करने के बाद परिजनों ने लिट्टीपाड़ा थाना में संपर्क कर घटना से संबंधित जानकारी दी. रात में ही सभी लोग उसकी खोजबीन में पाकुड़ पहुंच गए, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. सुबह जब घर लौटने लगे तो व्हाट्सएप में उसे खेत में पड़ा देखकर परिजन हतास हो गए. जब तक परिजन मनोहर मंडल के पास पहुंच पाते तब तक उसकी मौत हो गई थी.

बाईक की किस्त ने युवक की ले ली जान
मृतक के पिता ने रोते हुए बताया कि उसके बेटे ने डिलीवरी बाॅय का काम करने के लिए एक बाईक किस्त में लिया था. बाईक का किस्त नहीं चुकाने पर शोरूम वालों ने तीन दिन पहले बाईक छीन लिया था. उसके बाद वह डिप्रेशन में चला गया. जिसके बाद शुक्रवार रात को जहरीला पाउडर खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली.
इसे भी पढ़ें : भोलू पासवान का बड़ा कारनामा : SC समुदाय से आकर जनरल सीट पर दर्ज की शानदार जीत
