
L19 DESK : राजधानी रांची में राज्य के पहले CID थाना का गठन किया गया। थाने का गठन राजा रानी कोठी डोरंडा में किया गया है। CID थाना के पहले थाना प्रभारी ब्रह्मदेव प्रसाद को बनाया गया। बीते कुछ दिनों पहले इस थाना के गठन को लेकर डीजीपी अजय कुमार सिंह ने आदेश जारी किया था। जिसमें कहा गया था कि सीआईडी को राज्य स्तरीय थाना घोषित किया जाता है।
इस थाना का क्षेत्राधिकार संपूर्ण राज्य होगा। राज्य के विभिन्न जिलों में दर्ज मामलों को सीआइडी खुद के थाने में दर्ज करके जांच कर सकेगी। सीआईडी के पास खुद का थाना होने से राज्य के किसी आपराधिक मामले में जीरो एफआइआर दर्ज करने का अधिकार होगा। पूर्व मे यह होता था की सीआईडी राज्य के किसी जिले में दर्ज केस को पुलिस से टेकओवर करती थी, इसके बाद पुलिस द्वारा दर्ज केस और डायरी के आधार पर उसका अनुसंधान करती थी। सीआईडी कोई नया केस दर्ज नहीं कर पाती थी। क्योंकि, सीआईडी के पास अपना थाना नहीं था।
