BERMO : बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल में डीवीसी प्रबंधन द्वारा 134 करोड़ की लागत से निर्मित आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज ) का तीसरी बार उदघाटन 28 फरवरी को किया जाएगा. इसके पूर्व वर्ष 2020 के 26 जनवरी और 3 जुलाई को भी इसी आरओबी का उदघाटन किया जा चुका है. 28 फरवरी को डीवीसी के आरओबी का उदघाटन गोमिया विधायक सह सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी,बेरमो विधायक कुमार जयमंगल, डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, डीवीसी के चेयरमैन एस सुरेश कुमार, मेंबर तकनीकी एसके पांडा, मेंबर फाइनेंस अरुप सरकार संयुक्त रुप से करेंगे. इसके अलावा उदघाटन में डीवीसी के ईडी प्रोजेक्ट, ईडी सिविल, ईडी ऑपरेशन भी मौजूद रहेंगे.
इसे भी पढ़ें : सिंह मेंशन के संजीव सिंह के भाई मनीष सिंह पर आउटसोर्स की मशीनरी चोरी करने का आरोप, थाने में एफआईआर दर्ज

पूर्व में दो बार किया जा चुका है आरओबी का उदघाटन
28 फरवरी को डीवीसी के जिस आरओबी का उदघाटन किया जाना है,उसका पूर्व में दो बार उदघाटन किया जा चुका है. 26 जनवरी 2020 को डीवीसी के तत्कालीन एचओपी कमलेश कुमार के हाथों उदघाटन किया गया था, जिसका शिलापट्ट आज भी लगा हुआ है. बाद में दूसरी बार 3 जुलाई 2020 को ही तत्कालीन एचओपी सुप्रियो गुप्ता, सीई टी अकबर, डिप्टी चीफ सिविल अरुण कुमार, डीजीएम नीरज सिन्हा एवं पूर्व एचओपी कमलेश कुमार के द्वारा संयुक्त रुप से उदघाटन किया गया था. दो बार उदघाटन के बाद तीसरी बार उदघाटन 28 फरवरी को किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाहों पर प्रशासन सख्त, कड़ी कार्रवाई की दी गई चेतावनी

10 वर्ष में भी नहीं पूरा किया जा सका है आरओबी का कार्य
डीवीसी के लगभग ढ़ाई किलोमीटर लंबे आरओबी का निर्माण कार्य फरवरी 2015 में 135 करोड़ रुपये की लागत से राइट्स एवं सुप्रीम-बीकेबीडेको कंपनी के द्वारा आरंभ किया गया था. कंपनी को आरओबी का निर्माण कार्य 30 माह में ही पूरा करना था, परंतु कार्य को पूरा होने में दस वर्ष का समय लग गया है. ताजुब्ब इस बात का है कि दस वर्ष बाद भी आरओबी का मैटेरियल ट्रांसपोर्टिंग का एक पार्ट बाकी रह गया है. जिसे पूरा होने में तीन माह से भी ज्यादा का समय लगेगा. निर्माण कार्य की देखरेख में लगे डीवीसी के कंस्ट्रक्शन हेड सह वरीय प्रबंधक मैकनिकल देव प्रसाद खां का कहना है कि आरओबी का पावर प्लांट जानेवाला एक पार्ट मैटेरियल ट्रांसपोर्टिंग को पूरा होने में और तीन माह का समय लगेगा.
