Arafat
PAKUR : सदर अंचल के ईलामी पंचायत के मध्य टोला में शनिवार की देर रात सेहरी के लिए भोजन बनाने के दौरान एक घर में भीषण आग लग गई. जिससे घर पूरी तरह से जलकर राख हो गया. आग इतकी भयावह थी कि घर में रखा सारा सामान जलकर बर्बाद हो गया. पूरा परिवार सड़क पर आ गया है. घर में रखे खाने के सामान यथा दाल, चावल सहित अन्य राशन, फसल सबकुछ जल गया. पहनने के कपड़े, सोने के लिए बिस्तर, खटिया, पलंग और भोजन बनाने के बर्तन भी जलकर बर्बाद हो गए. इतना ही नहीं आग लगने से घर में रखे कम से कम 30 से 35 हजार रुपए भी जल गए. इसके अलावा कुछ जेवर भी जल गए, जो घटना के बाद से नहीं मिल रहा है.
इसे भी पढ़ें : महिला दिवस के मौके पर रांची-इरगांव ट्रेन का संचालन पूरी तरह से महिलाओं के हवाले
सेहरी के लिए बनाना था भोजन
हालांकि किस्मत अच्छी रही कि पूरा परिवार आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. जिस वक्त घटना हुई उस वक्त घर के सदस्य सोए हुए थे. किसी तरह भाग कर सभी ने जान बचाई. मकान मालिक युसूफ शेख ने बताया कि रमजान का महीना चल रहा है और घर में रोजेदारों के लिए सेहरी के लिए भोजन बनाने के दौरान घटना घटी है. पत्नी भोजन बनाने के लिए गैस चूल्हा जला रही थी. तभी अचानक से आग भड़क उठी. इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है. एक भी सामान नहीं बचा है. जिससे मेरा पूरा परिवार सड़क पर आ गया है. उन्होंने कहा कि किस्मत अच्छी रही कि घटना में परिवार के किसी सदस्य को शारीरिक रूप से नुकसान नहीं पहुंचा. जिस तरह से अचानक ही पल भर में आग ने पूरे घर को अपने आगोश में ले लिया, उससे बहुत बड़ी घटना घट सकती थी.

पूरा घटनाक्रम
मकान मालिक युसूफ शेख की पत्नी आसनारा बीवी ने बताया कि रात करीब 2:00 बजे सेहरी में भोजन बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाने गई, तभी अचानक से आग भड़क उठी. देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया. आस-पास के लोग हल्ला सुनकर दौड़े-दौड़े आए और आग को बुझाने लगे. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. लेकिन तब तक सब-कुछ जलकर खाक हो चुका था.
इसे भी पढ़ें : त्रिपक्षीय बैठक के बाद बीसएल के विस्थापितों का धरना समाप्त
मदद के लिए उठे हाथ
इधर घटना की खबर मिलते ही मुखिया अब्दुस समद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने घटना का जायजा लिया और परिवारों से जानकारी ली. मुखिया अब्दुस समद ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने अंचल कार्यालय के अधिकारियों से भी बात की और सरकारी मदद के लिए अनुरोध किया. मुखिया अब्दुस समद ने पीड़ित परिवार को तत्काल व्यक्तिगत रूप से आर्थिक मदद की. उन्होंने कहा कि घटना में लाखों का नुकसान हुआ है, अंचल कार्यालय में बात की है और अपने स्तर से सहयोग किया है. आगे सरकारी प्रावधान के मुताबिक जो भी सहयोग होगा, इसके लिए मैं खुद पहल करूंगा. मुखिया ने कहा कि घटना की जानकारी स्थानीय विधायक को भी दी गई है.
