L19 DESK : आजसू पार्टी द्वारा उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल की बैठक मधुबन, गिरिडीह में हुई. इस बैठक में धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और चतरा जिले के केंद्रीय समिति के पदाधिकारी, केंद्रीय सदस्य, जिला एवं नगर स्तर के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए. इस बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति, संगठन के विस्तार, आगामी चुनावी तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर गहन चर्चा हुई.
इस बैठक की अध्यक्षता सुदेश महतो ने की, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी को झारखंड की जनता का चौकीदार बनकर खड़ा होना होगा और झारखंडी जनमानस के नेतृत्व को अपना लक्ष्य बनाना होगा. एक मजबूत विपक्ष के रूप में स्थापित होने के लिए यह जरूरी है कि पार्टी के कार्यकर्ता सरकार की घोषणाओं का मूल्यांकन करें और देखें कि वे जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी हो रही हैं. जवाबदेह और जिम्मेदार कार्यकर्ता ही पार्टी को प्रतिष्ठित कर सकते हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रूप से परिपक्व होना आवश्यक है.
बैठक को पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, मांडू विधायक तिवारी महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर, दीपक महतो समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया.
महत्वपूर्ण निर्णय और संगठन विस्तार पर विशेष जोर
इस बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि झारखंड केवल किसी एक व्यक्ति के निर्णय से नहीं, बल्कि सामूहिक सहमति से चलेगा. व्यापक वैचारिक एकता को बल देने के लिए सभी स्तरों पर संवाद और समन्वय को प्राथमिकता दी जाएगी. संगठन के विस्तार पर विशेष रूप से चर्चा हुई और यह निर्णय लिया गया कि उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र के 24 विधानसभा, 5 लोकसभा और 6 जिलों के सभी गांवों तक संगठन को मजबूत किया जाएगा.
इसके अलावा, आगामी नगर निकाय चुनावों को देखते हुए नगर क्षेत्रों में भी संगठन के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया. युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए “युवा संवाद” कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत सुदेश महतो स्वयं हर जिले और प्रखंड में जाकर युवाओं से संवाद स्थापित करेंगे. महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई जाएगी, जिससे संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका बढ़े.
बैठक में सोशल मीडिया की भूमिका को लेकर भी विशेष चर्चा की गई. यह तय किया गया कि संगठन के विस्तार में सोशल मीडिया को एक प्रभावी माध्यम के रूप में उपयोग किया जाएगा और इसके लिए विशेष रूप से विषयों का चयन किया जाएगा.
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने पार्टी को झारखंड के सबसे बड़े विपक्ष के रूप में मजबूती से खड़ा करने के संकल्प को दोहराया और झारखंड की जनता के हक और अधिकार की लड़ाई को और अधिक प्रभावी बनाने पर सहमति जताई.
बैठक में ये हुए शामिल
बैठक में पार्टी के महासचिव यशोदा देवी, महासचिव विजय साहू, सुधा देवी, बबीता कुमारी, टिकैत महतो, गुड्डू यादव, सचिन महतो, दिलीप दांगी, मंटू महतो, परमेश्वर महतो, शिवलाल दांगी, प्रियंका शर्मा, खुशबू कुमारी, नवीन महतो, परवाज़ खान, संजय साहू, कम्पू यादव, करण महतो, संजय मेहता, बबलू महतो समेत प्रमंडल क्षेत्र के तीनों जिलों के पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे. यह बैठक झारखंड की राजनीति में संगठन को नई गति देने और विपक्ष को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.