Vijay Thakur
GODDA : गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र में हुए 4.50 लाख रुपये की लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही लूटे गए 4,06,700 रुपये नकद, एक देशी कट्टा, एक गोली और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
इसे भी पढ़ें : 30 जून को रिटायर होने वालों के लिए राहत, 1 जुलाई की वेतनवृद्धि का भी मिलेगा लाभ
जानकारी के अनुसार, 03 अप्रैल 2026 को पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम महुआसोल के पास NH-133 पर मोटरसाइकिल से पथरगामा से गोड्डा जा रहे एक व्यक्ति से दो बाइक पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर 4.50 लाख रुपये लूट लिए थे.
इस संबंध में पीड़ित कमल किशोर सिंह के लिखित आवेदन के आधार पर पथरगामा थाना कांड संख्या 41/26, धारा 310(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांड का खुलासा किया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है.
गिरफ्तार आरोपियों में युगल किशोर यादव, कृष्णा यादव उर्फ जगा, संजीव कुमार यादव उर्फ घोल्टा, ब्रह्मदेव तांती और सूरज कुमार भगत शामिल हैं. सभी आरोपी पथरगामा थाना क्षेत्र के निवासी हैं.
पुलिस टीम में पुलिस निरीक्षक विष्णुदेव चौधरी, थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह समेत पथरगामा थाना के अन्य अधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ें : रांची समेत धनबाद और साहिबगंज सिविल कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी
