
L19 DESK : रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में पिछले तीन दिनों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। झुलसती गर्मी से लोगों को थोड़ी निजात मिल पाया है। गुरुवार को दोपहर 12 बजे के बाद रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। कुछ जगहों में ओले भी गिरे। बुधवार रात भी कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई थी। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है।
बीते 24 घंटे में झारखंड में कहीं- कहीं पर मध्यगर्जन के साथ बहुत हल्की बारिश भी हुई । कई इलाकों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में सबसे अधिक तेज सतही हवा गढ़वा में दर्ज किया गया। सबसे अधिक वर्षा 7.2 एमएम रांची में दर्ज किया गया। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 42.0°C चाईबासा में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2°C रांची (विमानपत्तन) में दर्ज किया गया।
इन जिलों में हो सकती है हल्की बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में बोकारो, चतरा, गढ़वा, हजारीबाग, पलामू, रामगढ़ जिले के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन तथा वज्रपात के साथ बारिश होने की उम्मीद है। इन जिलों में कुछ जगहों पर तेज हवा 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।
