RANCHI : रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिले भर के सीईओ को ताकीद करते हुए हिदायत दिया कि कोई भी सीओ जमीन माफिया के साथ सांठगांठ नहीं करे, कोई भी सीआई और कर्मचारी गलत चीजों में शामिल नहीं हो, वरना कार्रवाई सुनिश्चित है. भू-राजस्व से संबंधित समीक्षात्मक बैठक में शनिवार को सख्त लहजे में सभी को चेतावनी दी गई.
इसे भी पढ़ें : गैंगस्टर राहुल सिंह ने उठाया गरीब बच्चों की पढ़ाई और गरीब लड़कियों की शादी का जिम्मा
कांके का राजस्व कर्मचारी निलंबित
जिले के विभिन्न अंचलों से भू-राजस्व से संबंधित मामले में मिल रही शिकायतों पर सख्त उपायुक्त ने सीओ, सीआई और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि नियम विरुद्ध गलत करनेवालों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जायेगा, उनपर सख्त कार्रवाई की जायेगी. इसके साथ ही कांके अंचल में जमीन में अवैध रुप से बाउंड्री वॉल निर्माण के मामले में एक राजस्व कर्मचारी को निलंबित करने का निर्देश दिया गया.
अनगड़ा कर्मचारी को शोकॉज
सभी अंचलों में लंबित दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा की गयी. अंचलवार लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी सीआई और कर्मचारियों से कारण पूछा गया. अनगड़ा अंचल में 90 दिनों से ज्यादा म्यूटेशन के लंबित आवेदन को ससमय निष्पादित नहीं करने पर कर्मचारी को शोकॉज करने का आदेश दिया गया.

10 डिसमिल से कम का म्यूटेशन तुरंत
जानकारी दी गई कि 10 डिसमिल से कम म्यूटेशन के मामलों के निष्पादन के लिए अंचलवार रांची में कई बार शिविर लगाकर आवेदनों का निष्पादन किया गया एवं आवेदक को करेक्शन स्लिप भी दिया गया. 10 डिसमिल से कम के म्यूटेशन के मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया, चेतावनी भी दी कि अगर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार में 10 डिसमिल से कम के लंबित म्यूटेशन का मामला आता है तो कर्मचारी पर कार्रवाई होगी.
इसे भी पढ़ें : मैट्रिक-इंटर का रिजल्ट 20 अप्रैल तक जारी होने की संभावना, सीबीएसई का परिणाम भी इसी महीने
रिजेक्ट म्यूटेशन केस की होगी समीक्षा गड़बड़ी में कार्रवाई
अपर समाहर्त्ता, रांची को प्रत्येक अंचल से रिजेक्ट हुए 10-10 म्यूटेशन के मामलों का रैंडम सिलेक्शन कर समीक्षा करने का निर्देश दिया गया. जांच में यदि पाया जाता है कि गलत तरीके से आवेदन अस्वीकृत किया गया तो सभी संबंधित के खिलाफ आरोप पत्र गठित किया जाएगा.
पंजी-2 में सुधार का रिपोर्ट देने का निर्देश
बैठक में अंचलवार पंजी-2 में सुधार की भी समीक्षा की गयी. सभी अंचल अधिकारी पिछले दो महीने में पंजी-2 में सुधार से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. जनता दरबार में पंजी-2 में सुधार से संबंधित शिकायत आने पर आरोप पत्र गठित कर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये.
लंबित म्यूटेशन की ससमय जानकारी
लंबित दाखिल-खारिज आवेदनों की समीक्षा के दौरान सीओ द्वारा बताया गया कि तकनीकी कारण से भी मामले लंबित हैं, इस पर निदेश दिया गया कि तकनीकी कारण से राजस्व कार्य बाधित न हो इसके लिए ससमय राजस्व कार्यालय को सूचित करें ताकि यथाशीघ्र समाधान किया जा सके.
अंचल अधिकारी, कार्यालय कर्मियों को रखें नियंत्रित
सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वो अपने कार्यालय कर्मियों को नियंत्रण में रखें. किसी भी तरह से भूमाफिया के साथ सांठगांठ एवं गलत कार्याें में संलिप्तता पर कार्रवाई करें. इसके अलावा आंगनबाड़ी केन्द्रों के भूमि चिन्हितीकरण, हिट एंड रन एवं आपदा मामले में मुआवजा राशि भुगतान संबंधित अन्य राजस्व कार्याें के ससमय निष्पादन के भी निर्देश दिये गए.
बैठक में अपर समाहर्त्ता, रांची, सभी प्रखण्ड के जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारी, विभिन्न अंचल के अंचल अधिकारी, सीआई, कर्मचारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : 2027 के पंचायत चुनाव में राज्य में लागू होगा ओबीसी आरक्षण, अप्रैल-मई में चुनाव संभावित
