विपक्ष के महाजुटान कार्यक्रम में शिरकत करने पटना पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता
L19/DESK : बिहार की राजधानी पटना पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नफरत फैलाने का काम करती है, हिंसा कराती है, लोगों को बांटने का काम करती है। पर अब ऐसा नहीं होगा कांग्रेस पार्टी नफरत फैलानेवाली पार्टी के बारे में लोगों को संदेश देगी और मोहब्बत का पैगाम पूरे देश में फैलायेगी। तेलंगाना, एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा कहीं नहीं दिखाई देगी। कांग्रेस जीतकर दिखायेगी. क्योंकि कांग्रेस गरीबों के साथ खड़ी है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाजपा का मतलब सिर्फ दो तीन लोगों को फायदा पहुंचाना है, जबकि कांग्रेस सिर्फ गरीबों के लिए काम करती है। राहुल गांधी आज विपक्षी दलों की बैठक से पहले पटना के पार्टी कार्यालय(सदाकत आश्रम) में बोल रहे थे। इस क्रम में कहा कि देश की विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को पराजित करेंगी।
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूछा कि उनका मूड कैसा है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि मूड अच्छा है। इसके बाद राहुल ने कहा कि अभी देश में भारत जोड़ो और भारत तोड़ो वाली विचारधारा के बीच लड़ाई है, इसलिए आज हम बिहार आये हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस का डीएनए बिहार में है। भारत जोड़ो यात्रा में बिहार के लोगों ने बहुत मदद की। राहुल ने कहा कि जिस राज्य में भी गये वहां बिहार के लोग हमारे साथ चले। भाजपा पर हल्ला बोलते हुए कहा कि वह नफरत फैलाने का काम करती है। कांग्रेस मोहब्बत फैलाने का काम कर रही है, क्योंकि नफरत को मोहब्बत ही काट सकती है। इसलिए हम मोहब्बत की बात करते हैं।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सदाकत आश्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विपक्षी दल एक होंगे और मिलकर 2024 का चुनाव में लड़ेंगे। इसके लिए राहुल गांधी ने कदम उठाये हैं, इसी नीयत से हम लोग पटना में आज मीटिंग कर रहे हैं। हम यहां आपका आशीर्वाद लेने आये हैं। कांग्रेस की विचारधारा को बिहार कभी नहीं छोड़ सकता है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर बिहार हम जीते तो पूरे देश में जीत का परचम लहरायेंगे।
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का आज शुक्रवार को पटना पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी पहली बार बिहार पहुंचे हैं। उनके साथ अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन के प्रभारी महासचिव के सी वेणुगोपाल भी थे। नीतीश कुमार कांग्रेस नेताओं की अगवानी तथा उनका स्वागत करने के लिए जयप्रकाश नारायण हवाई अड्डे पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक जुटे जो राहुल की एक झलक पाने को बेताब दिखे।