L19 Desk : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शुक्रवार 14 फरवरी को अपने दो दिवसीय दौरे पर रांची आयेंगी. राष्ट्रपति की फ्लाइट बैंगलोर से चलकर शाम साढ़े चार बजे रांची के बिरसा मुंडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद वह सीधे राजभवन के लिये प्रस्थान करेंगी। दरअसल, कल 15 फरवरी को बीआईटी मेसरा प्लैटिनम जुबिली कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शरीक होंगी।
बीआईटी मेसरा के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचेंगी राष्ट्रपति
शनिवार को उनका काफिला राजभवन से निकल कर दिन के 11 बजे बीआईटी मेसरा पहुंचेगा। समारोह के दौरान कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित ‘रिसर्च एक्सिबिशन कम डिस्प्ले’ का उद्घाटन भी राष्ट्रपति के ही हाथों होगा। समारोह में हिस्सा लेने के बाद राष्ट्रपति वहां से सीधे एयरपोर्ट के लिये रवाना हो जायेंगी। दोपहर तकरीबन 12.30 से पौने 1 के बीच राष्ट्रपति का विमान रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिये प्रस्थान करेगा।
सुरक्षा के हैं पुख्ता इंतज़ाम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची आगमन पर उनके लिये सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किये गये हैं। उनकी सिक्योरिटी तीन लेयर में की गयी है। उनकी सुरक्षा में 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा में 10 आइपीएस अधिकारी की भी तैनाती की गई है। इसके साथ ही 14 और 15 फरवरी को ट्रैफिक व्यवस्था में भी अहम बदलाव किये गये हैं। 14 फरवरी को राष्ट्रपति एयरपोर्ट से हरमू बाइपास होकर राजभवन पहुंचेंगी। इस दौरान आधे-एक घंटे पहले से ही गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लग जायेगी।
कई जगह होगी बैरिकेडिंग
जैसे जैसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा के लिये गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी जायेगी। इसके साथ ही कई जगहों पर बैरिकेडिंग भी की जायेगी। कई जगहों पर ड्रॉप गेट बनाये गये हैं। ट्रैफिक संभालने के लिये ट्रैफिक डीएसपी, इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मियों को हर रोड में तैनात किया जायेगा। उनकी सुरक्षा को लेकर डीआइजी सह एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, एएसपी सीसीआर सहित 10 आइपीएस, 20 से अधिक डीएसपी और काफी संख्या में जिला बल, स्पेशल ब्रांच के इंस्पेक्टर भी लगाये जायेंगे.