L19/Ranchi : पिस्का रेलवे स्टेशन का चयन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया है। यहां 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, अच्छी छत के साथ लिफ्ट व अन्य कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक पंकज कुमार गुप्ता ने सांसद संजय सेठ को दी है। पंकज गुप्ता ने रांची और चक्रधरपुर रेल मंडल की मंडल स्तरीय बैठक में सांसदों के द्वारा उठाए गए बिंदुओं को लेकर सभी सांसदों को जवाब दिया है।
इसके आलोक में संजय सेठ द्वारा उठाए गए बिंदुओं का जवाब भी दिया गया है। धनबाद एलेप्पी एक्सप्रेस में पहले की तुलना में रांची से सीटों का कोटा बढ़ाया गया है। थर्ड एसी में 23 सीट बढ़ाई गई है जबकि स्लीपर क्लास में 16 सीटों का कोटा बढ़ाया गया है। सांसद संजय सेठ को दिए जवाब में दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक ने कहा है कि रांची रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास का कार्य तेज गति से चल रहा है। मई 2025 तक इस कार्य के पूर्ण होने की पूरी संभावना है।
भागलपुर पुनदाग क्षेत्र में बनने वाले अंडरपास को लेकर बताया गया है कि 2024-25 को लेकर जो कार्य योजना तैयार की जाने वाली है, उसमें रेलवे बोर्ड के समक्ष इसे स्वीकृति के लिए भेजने की तैयारी हो गई है। बहुत जल्द इसके भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। चुटिया में बनने वाले फ्लाई ओवर को लेकर सांसद को बताया गया है कि यह फ्लाई ओवर केंद्र और राज्य के 50-50 के अनुपात में बनाया जाना है। राज्य सरकार के द्वारा इस मुद्दे पर एक संयुक्त बैठक जनवरी 2023 में हुई है।
इसे राज्य सरकार को ही पूर्ण करना है। यह मामला पूरी तरह से राज्य सरकार के पाले में है। बालालोंग, पिस्का, सिंहपुर रेल लाइन को लेकर जमीन अधिग्रहण का कार्य प्रक्रियाधीन है। यह एक महत्वपूर्ण लाइन होगी, जिससे रांची के रेलवे के विकास को एक गति मिलेगी।