Vijay Thakur
GODDA : पथरगामा अस्पताल में इन दिनों मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है. इलाज के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिससे यहां की स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का बढ़ता विश्वास साफ झलक रहा है. स्थानीय मरीजों का कहना है कि हाल के दिनों में अस्पताल की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. विशेष रूप से जब से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में डॉ. मोहन पासवान ने पदभार संभाला है, तब से स्वास्थ्य सेवाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है. उनके नेतृत्व में अस्पताल की कार्यशैली अधिक व्यवस्थित और प्रभावी हुई है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड के 5 खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर जलवा, वर्ल्ड मास्टर स्पोर्ट्स के लिए भारतीय टीम में चयन
वहीं महिला चिकित्सक डॉ. शालिनी कुमारी के प्रति भी मरीजों, खासकर महिलाओं में गहरा विश्वास देखा जा रहा है. मरीजों का कहना है कि उनका व्यवहार अत्यंत मृदुल और अपनापन भरा है, जिससे मरीज इलाज के दौरान सहज और सुरक्षित महसूस करते हैं. अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी मरीजों ने संतोष व्यक्त किया है.
लोगों के अनुसार, यहां स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. साथ ही, मरीजों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं और जांच की सुविधाएं भी सुलभ है. कुल मिलाकर, पथरगामा अस्पताल में बेहतर होती स्वास्थ्य सेवाओं के कारण मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जो यहां उमड़ रही भीड़ के रूप में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है.
इसे भी पढ़ें : बोकारो में सनसनी, प्रेमी ने ही की प्रेमिका की हत्या, 8 महीने बाद जंगल से मिला कंकाल
