Arafat
PAKUR : नगर परिषद चुनाव के प्रचार-प्रसार का शोर शनिवार को शाम 5:00 बजे थम गया. इसके बाद प्रत्याशी डोर टू डोर कैंपेन में जुट गए हैं. इससे पूर्व, प्रत्याशियों का शहर में प्रचार-प्रसार का जबरदस्त दौर चला. प्रत्याशियों के बैनर-पोस्टर लगे वाहन शहर के हर गली मोहल्लों से गुजरते दिखे. जिसमें प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार की गूंज सुनाई दी. अब प्रत्याशियों के किस्मत के फैसले का समय नजदीक आ रहा है. अब मतदाता अपने वोट के अधिकार से प्रत्याशियों की किस्मत लिखेंगे. नगर परिषद क्षेत्र में सभी 21 वार्ड को मिलाकर 89 वार्ड पार्षद के प्रत्याशी हैं. जबकि अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में पूरे दमखम के साथ डटे हुए हैं. इन प्रत्याशियों की किस्मत की लकीरें, मतदाता सोमवार को मतदान के जरिए खींचेंगे और फैसला 27 फरवरी को आएगा.
इसे भी पढ़ें : गोमिया में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मतदान और फैसले की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, इन प्रत्याशियों की धड़कनें भी तेज होती जा रही है. प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने पूरी ताकत झोंक दी है और मतदाताओं को रिझाने की हर तरह से कोशिश की जा रही है. अंतिम दिन रविवार को शहर की सड़कें भले ही शांत रहीं और प्रचार-प्रसार की गुंज बंद हो चुकी हो, लेकिन मतदाताओं के घर की घंटियां खूब बजती रही. प्रत्याशी और उनके समर्थक या कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं के घर-घर जाकर उनसे समर्थन मांगा. अपने वादों को दोहराते हुए मतदाताओं से 5 साल का समय मांगा. अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों का जहां घर-घर जाकर वोट मांगने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा, वहीं वार्ड पार्षद के प्रत्याशी भी पीछे नहीं रहे. उन्होंने भी अपने वार्ड क्षेत्र में मतदाताओं के घर जाकर उनसे समर्थन की गुजारिश की.
प्रशासन की तैयारी
इधर प्रशासन की ओर से भी मतदान की सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराने के लिए हर जरूरी कदम नियमानुसार उठाया गया है. उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार एवं एसपी निधि द्विवेदी स्वयं सक्रिय हैं एवं मतदान को लेकर पल-पल की खबर ले रहे हैं. विधि व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है. प्रशासन की ओर से नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गई है. जिसमें अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. इधर मतदान को लेकर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति से लेकर तमाम व्यवस्थाएं की गई है. सोमवार को निर्धारित समय पर वोटिंग शुरू हो जाएगी. इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी है. आगामी 27 फरवरी को मतगणना यानी काउंटिंग होगी. काउंटिंग को लेकर भी प्रशासन ने सारी व्यवस्थाएं पूरी कर रखी है.
इसे भी पढ़ें : नगरपालिका चुनाव के लिए डीसी व एसपी ने मतदान कर्मियों को किया रवाना
इधर मतदान को लेकर शहर के मतदाताओं में खासा उत्साह है. मतदाताओं को उस पल का बेसब्री से इंतजार है, जब वे वोटिंग के लिए बूथ पर पहुंचेंगे. वहीं मतदाताओं को फैसले की घड़ी का भी बेसब्री से इंतजार होगा, जिस दिन उनके पसंदीदा प्रत्याशी की जीत की खबर आएगी.
अध्यक्ष पद के लिए इन प्रत्याशियों में है मुकाबला
इस बार पाकुड़ नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है. इनमें मोनिता कुमारी, शबरी पाल, संपा साह, मुकुल भट्टाचार्य, शेख सेलिना सुल्ताना, पूनम देवी, गीता देवी, मीता पांडेय, ज्योति दुबे एवं सीमा सोनी भगत शामिल हैं.
