Arafat
PAKUR : सदर प्रखंड के झिकरहट्टी पूर्वी पंचायत ने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के अंतर्गत महिला हितैषी पंचायत थीम में दीन दयाल उपाध्याय सतत विकास पुरस्कार में पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर झारखंड राज्य एवं जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. पंचायत को यह सम्मान स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों की उत्कृष्ट प्राप्ति, महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास एवं प्रभावी सुशासन के लिए प्रदान किया गया है. यह उपलब्धि दर्शाती है कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन कर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें : विष्णुगढ़ कांड : अवैध संबंध छिपाने के लिए मासूम बच्ची को उतारा मौत के घाट!, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं
पंचायत उन्नति सूचकांक में शानदार प्रदर्शन
झिकरहट्टी पूर्वी ग्राम पंचायत ने पंचायत उन्नति सूचकांक पीएआई- 2.0 वर्ष 2023-24 में 76.1 अंक प्राप्त कर ग्रेट-ए फाॅरंट रूनर श्रेणी में स्थान अर्जित किया है.
थीम आधारित प्रमुख उपलब्धियां
महिला हितैषी पंचायत 81.43, बाल हितैषी पंचायत -85.25, गरीबी मुक्त एवं आजीविका संवर्धन-83.89, स्वस्थ पंचायत 83.58, सुशासन युक्त पंचायत 84.03, आत्मनिर्भर आधारभूत संरचना-83.14, सामाजिक न्याय एवं सुरक्षा 79.59 यह प्रदर्शन पंचायत के समग्र एवं संतुलित विकास की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत करता है.
राष्ट्रीय रोल मॉडल के रूप में उभरी पंचायत
यह उपलब्धि स्पष्ट करती है कि महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर समावेशी विकास संभव है. स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों का सफल क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर किया जा सकता है. सामुदायिक सहभागिता एवं प्रभावी प्रशासन से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं. झिकरहट्टी पूर्वी ग्राम पंचायत अब एक राष्ट्रीय रोल मॉडल पंचायत के रूप में स्थापित हो चुकी है. वहीं जिला पंचायत राज पदाधिकारी कुमार अभिषेक सिंह ने कहा कि पंचायत उन्नति सूचकांक पीएआई-2.0 के विभिन्न इंडिकेटर्स में निरंतर सुधार, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्थानीय नवाचार इस उपलब्धि के मूल आधार हैं. उन्होंने कहा कि महिला हितैषी पंचायत थीम के अंतर्गत किए गए कार्य पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं और यह सफलता पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मियों एवं ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है.
यह उपलब्धि पाकुड़ का गौरव: उपायुक्त
उपायुक्त मनीष कुमार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल पाकुड़ जिले बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि यह सफलता दर्शाती है कि समर्पण, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन कर ग्रामीण स्तर पर भी राष्ट्रीय पहचान स्थापित की जा सकती है. उपायुक्त ने इस उपलब्धि के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम, जनप्रतिनिधियों, पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव एवं समस्त पाकुड़वासियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग एवं अथक मेहनत के बिना यह सफलता संभव नहीं था, साथ ही उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस उत्कृष्ट मॉडल को अन्य पंचायतों में भी लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है.
इसे भी पढ़ें : बोकारो स्थापना महोत्सव: 01 से 29 अप्रैल तक मनाया जाएगा कार्यक्रम, उपायुक्त ने की समीक्षा
जिले के अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा
झिकरहट्टी पूर्वी ग्राम पंचायत ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत पंचायत समृद्ध भारत की आधारशिला है. यह उपलब्धि राज्य की अन्य पंचायतों को प्रेरित करेगी कि वे सतत विकास लक्ष्यों, महिला सशक्तिकरण एवं सुशासन की दिशा में नवाचार एवं समर्पण के साथ कार्य करें. यह गौरवपूर्ण उपलब्धि झारखंड के ग्रामीण विकास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाती है और यह संदेश देती है कि सही नेतृत्व, मजबूत क्रियान्वयन एवं जनसहभागिता से पंचायत स्तर पर भी उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है.
