
L19 DESK : भारतीय जनता पार्टी (BJP) मोदी सरकार के नौ साल के कार्यकाल पूरे होने के उपलक्ष्य में आज से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। 2024 के चुनावों पर नजर रखते हुए रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी और उन्हें जनता के साथ संपर्क करने को लेकर आदेश भी दिए।
पीएम नरेंद्र मोदी आज यानि 30 मई को एक विशाल रैली के साथ इस संपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे। वहीं, मोदी की 31 मई को रैली होगी। मिली जानकारी के अनुसार चुनावी राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में रैली किया जा सकता है। मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर हर लोक सभा क्षेत्र में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा। बता दें की भाजपा का यह अभियान 30 मई से 30 जून यानि पूरे एक महीने तक चलेगा।
सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का रोड मैप तैयार
इस खास मौके पर सभी जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिसमें मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। देश भर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की 51 रैलियां आयोजित होगी। 396 लोकसभा सीटों पर जनसभाएं होंगी। जिनमें केंद्रीय मंत्री या पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी का होना अनिवार्य रहेगा।
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, सांसद एवं विधायक भी इन रैलियों और जनसभाओं में शामिल होंगे। देश भर में एक लाख विशिष्ट परिवारों से संपर्क साधा जाएगा।हर लोकसभा में 250 विशिष्ट परिवारों से संपर्क किया जाएगा। प्रदेश के प्रभावशाली व्यक्तियों जैसे खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति, शहीद एवं अन्य प्रसिद्ध परिवारों से संपर्क साधा जाएगा।
भाजपा को नौवीं वर्षगांठ को माफी दिवस’ के रूप में मनाना चाहिए : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नौ साल पूरा होने पर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए यह आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई न होने के अहंकारी दावे कर रही है, जबकि वह ‘घातक मुद्रास्फीति’ से लोगों की कमाई लूटने में लगी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट किया कि 9 सालों में जानलेवा महंगाई, भाजपा ने लूटी जनता की कमाई। हर जरूरी चीज पर जीएसटी की मार, बिगड़ा बजट, जीना दुश्वार। आगे उन्होंने लिखा कि इसके बावजूद सरकार अहंकारी दावे कर रही है। उसे महंगाई तो दिखती नहीं या ये महंगी चीज हम खाते ही नहीं। अच्छे दिनों से अमृतकाल की यात्रा, महंगाई से जनलूट की बढ़ती गई मात्रा।
बता दें की पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के नौ साल पूरे हो रहे हैं। कांग्रेस ने पिछले हफ्ते सरकार से बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय समेत नौ सवाल किए थे। विपक्षी पार्टी ने कहा कि सरकार को अपनी नौवीं वर्षगांठ के दिन को ‘माफी दिवस’ के रूप में मनाना चाहिए।
