GOMIA : गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना अंतर्गत एक घर में जहां बड़े भाई की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थी, वहीं छोटे भाई की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. मामला तुसको कर्बला मैदान के पास जंगल में चतरोचट्टी रविदास टोला निवासी जमुना रविदास के छोटे बेटे 18 वर्षीय सतीश कुमार का शव पेड़ से लटका हुआ पाए जाने का है.
इसे भी पढ़ें : मैट्रिक-इंटर का रिजल्ट 20 अप्रैल तक जारी होने की संभावना, सीबीएसई का परिणाम भी इसी महीने
जानकारी के अनुसार मृतक के बड़े भाई राजकुमार रविदास का विवाह आगामी 21 अप्रैल को तय था. घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और मंगल गीत गाए जा रहे थे. लेकिन इस अनहोनी ने परिवार की सारी खुशियां छीन ली हैं. युवक की अचानक मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.
महुआ चुनने गई महिलाओं ने देखा शव
बताया जाता है कि अहले सुबह गांव की महिलाएं जब महुआ चुनने जंगल पहुंची थी तो सबसे पहले उन्हीं लोगों ने शव को नीम के पेड़ पर लटका देखा, जिसके बाद हो-हल्ला करना शुरू किया. देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई और घटना की सूचना स्थानीय चतरोचट्टी थाना को दी गई.
जेब से मिला गांजा और कफ सिरप
पुलिस के पहुंचने से पूर्व मृतक के परिजनों ने शव को पेड़ से उतार लिया था. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो युवक की जेब से गांजा और कफ सिरप की दो छोटी शीशी बरामद हुई है. वहीं एक स्मार्ट फोन, घटना में प्रयुक्त नई रस्सी को भी बरामद किया है.

जांच में जुटी पुलिस
पिता जमुना रविदास, मां सुमन देवी के द्वारा हत्या जैसी घटना से इनकार के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किसी मानसिक तनाव में था या नहीं.
इसे भी पढ़ें : 2027 के पंचायत चुनाव में राज्य में लागू होगा ओबीसी आरक्षण, अप्रैल-मई में चुनाव संभावित
