RANCHI : झारखंड में बहुचर्चित योजना है मंइयां सम्मान योजना. जिसमें झारखंड की 18 साल से 50 वर्ष तक के आयु वर्ग की महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा के तहत प्रत्येक महीने ढाई हजार रुपए दिए जाते हैं. महिलाएं पिछले 2 महीने यानी जनवरी और फरवरी माह की ढाई ढाई हजार रुपए का इंतजार कर रही हैं. लाभूक इस उम्मीद में है कि होली से पहले यह राशि मिल जाए तो होली बेहतर तरीके से पार हो जाए. लग रहा है सरकार भी होली से पूर्व दो माह की राशि लाभुकों के खाते में ट्रांसफर करने की योजना बना रही है.
यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी की ढाई हजार रुपए की राशि ग्रामीण परिवेश की महिलाओं को एक आर्थिक सबलता प्रदान करती है. उनकी कई छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करती है. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले हाट-बाजार की अर्थव्यवस्था को रोटेट भी करती है.

एक साथ दो माह की राशि
मंइयां सम्मान योजना से संबंधित सूचना यह है कि जनवरी और फरवरी दोनों महीने की राशि का आवंटन, महिला बाल विकास एवं सुरक्षा विभाग ने जारी कर दिया है. लेकिन सरकार ने अभी तक भुगतान के संबंध में कोई निर्देश नहीं दिया है इस वजह से यह राशि कब से मिलनी शुरू होगी इसमें अभी असमंजस की स्थिति है. संभावना है की नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया खत्म हो जाने के बाद लाभुकों के खातों में राशि ट्रांसफर होना शुरू हो जाएगा.
माना जा रहा है कि नगर निकाय चुनाव होने के कारण यह देरी हो रही है, एक बार यह चुनाव संपन्न हो जाए फिर दोनों महीने की राशि एक साथ यानी ₹5000 लाभुकों के खाते में आना शुरू हो जाएगा.
