L19/Ranchi : ईडी के द्वारा भेजा जा रहा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को समन के विरोध में झामुमो कार्यकर्ता फिर से सड़क पर उतर गये हैं। शनिवार को दुमका पूरी तरह से बंद रहा। आज रविवार को झामुमो की ओर से राजभवन के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जायेगा। इससे पूर्व कार्यकर्ता मोरहाबादी मैदान में एकत्रित होंगे, फिर कचहरी चौक होते हुए राजभवन की ओर कूच करेंगे। इसे लेकर झामुमो रांची जिला समिति ने एसडीओ को पत्र भेजकर सूचना दे दी है।
रांची में शनिवार को निकला मशाल जुलूस, ईडी और केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी
शनिवार की शाम रांची में झामुमो कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला। ये जुलूस जिलाध्यक्ष मुश्ताक आलम के नेतृत्व में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक के लिये निकाला गया। इस दौरान ईडी व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गयी। झामुमो जिला समिति के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रताड़ित करने की कोशिश है। इस कारण झामुमो कार्यकर्ता गुस्से में हैं।
ईडी ने कार्रवाई बंद नहीं की, तो रेल चक्का जाम करेंगे – झामुमो कार्यकर्ता
वहीं दुमका की बात करें तो कल शनिवार को पूरा दुमका बाजार बंद रहा। कुछ झामुमो कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लिये मोटरसाइकिल और कुछ पैदल शहर के सभी इलाकों में घूम घूम कर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराने में लगे रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र के इशारे पर ईडी सीएम हेमंत सोरेन को प्रताड़ित कर रही है। मुख्यमंत्री को बार बार समन कर के अपमानित किया जा रहा है। अगर ये सब बंद नहीं हुआ, तो हमलोग रेल-चक्का जाम करेंगे।