Nakib Ziya
RANCHI : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने विपक्ष के आरोपों को निराधार और भ्रामक करार दिया है. उन्होंने कहा कि ट्रेजरी से जुड़ा मामला कोई नया नहीं है. बल्कि इसकी शुरुआत भाजपा शासनकाल में हुई थी और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में यह काफी बढ़ा. लेकिन उस समय किसी ने गड़बड़ी नहीं पकड़ी.
इसे भी पढ़ें : बोकारो में सनसनी, प्रेमी ने ही की प्रेमिका की हत्या, 8 महीने बाद जंगल से मिला कंकाल
पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले में पारदर्शिता दिखाते हुए निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का हिसाब रखने वाली सरकार ही इस मामले को सामने लेकर आई है. ऐसे में उसी पर आरोप लगाना गलत है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि हेमंत सरकार इस पूरे मामले की जड़ तक जाएगी और सच्चाई को जनता के सामने लाएगी.
उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि आरोप लगाने से पहले उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि जल्द ही कई नेताओं का चाल चरित्र और चेहरा बेनकाब होगा. उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी.
विनोद पांडेय ने यह भी कहा कि भाजपा बिना ठोस तथ्यों के राज्य सरकार पर आरोप लगा रही है. जिस मामले को लेकर विपक्ष शोर मचा रहा है. उसकी जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. साथ ही उन्होंने भाजपा को अपने शासनकाल के दौरान हुए मामलों को भी याद करने की नसीहत दी.
इसे भी पढ़ें : फरार अपराधी प्रिंस खान के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार, हो सकती है कुर्की-जब्ती
