Arafat
PAKUR : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शनिवार को सिद्धो-कान्हू मुर्मू की जयंती श्रद्धा भाव से मनाया. अमर शहीद सिद्धो-कान्हू मुर्मू को श्रद्धांजलि दी गई. उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया. इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने सिद्धो-कान्हू को श्रद्धांजलि दी. तयशुदा कार्यक्रम पर झामुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर स्थित सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क पहुंच कर बारी-बारी से माल्यार्पण किया. इस दौरान सिद्धो-कान्हू मुर्मू अमर रहे के नारों से पार्क परिसर गूंज उठा. जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में माल्यार्पण व श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न हुआ.
इसे भी पढ़ें : वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती पर मुख्यमंत्री ने अर्पित की श्रद्धांजलि
इस दौरान जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने अपने संबोधन में सिद्धो-कान्हू मुर्मू की जीवनी पर प्रकाश डाला और ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ साहसिक लड़ाई का वर्णन किया. जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, वीर शहीद सिद्धो-कान्हू मुर्मू की जयंती हर साल श्रद्धा भाव से मनाता आया है. उन्होंने कहा कि ऐसे महानायक तत्कालीन झारखंड की माटी में जन्मे थे, जिसका हम सभी को गर्व है. आज वीर शहीद सिद्धो-कान्हू मुर्मू के योगदान पर सिर्फ झारखंड को ही नहीं, बल्कि पूरे देश को गौरव है.
अजीजुल इस्लाम ने कहा कि अमर वीर शहीद सिद्धो-कान्हू मुर्मू का जन्म भोगनाडीह गांव मे हुआ था, जो कि वर्तमान में झारखंड राज्य के साहिबगंज जिला में अवस्थित है. भारत में अंग्रेजों के विरुद्ध सर्व प्रथम संथाल विद्रोह में इन्होंने अग्रिम भूमिका निभाई थी. इन्होंने ही करो या मरो अंग्रेजों हमारी माटी छोड़ो का नारा दिया था. इन्होंने दस हजार संथाल आदिवासियों को लेकर 30 जून 1855 में तीर धनुष के सहारे अंग्रेजों पर हमला कर ब्रिटिश सरकार की जड़ हिला दी थी. जिसकी पुष्टि पाकुड़ का ऐतिहासिक मार्टीलो टावर करता है. अंग्रेजों ने इस टावर का निर्माण संथाल एवं आदिवासियों से बचने एवं छिप कर वार करने के लिए करवाया था. जहां इन्होंने आपने साहस, आंतरिक बल का परिचय दिया था. आज भी जन जन के दिलों में महान स्वतंत्रता सेनानी के रूप में विराजमान है.
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम यादव ने भी सिद्धो-कान्हू मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया. श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष पीटर मरांडी, केंद्रीय समिति सदस्य मिथिलेश घोष, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, नगर सचिव नूर आलम, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मुस्लोउद्दीन शेख, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, पाकुड़ प्रखंड के प्रखंड उपाध्यक्ष अजफारुल शेख, राम सिंह टुडू, लखन हेंब्रम, रियाज अंसारी, कमल राउत, शमीम अंसारी, सोनू आलम, इस्माइल शेख, अकबर अंसारी, साफु, बारीक, फुरकान शेख, अंजारुल, आनिकुल, सबरुद्दीन, अमीरुल इस्लाम, फरिजुद्दीन, हैदर अली, लालचंद सहित झामुमो के कई वरिष्ठ एवं सक्रिय सदस्य शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें : ललमटिया में सिदो-कान्हू जयंती पर प्रतिमा पर नहीं हुआ माल्यार्पण, प्रतिमा के अनादर पर उठे सवाल
