RANCHI : झारखंड में शुक्रवार को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली, जिससे कई इलाकों में धार्मिक आयोजन प्रभावित हुए. दोपहर बाद तेज हवा, बारिश और मेघ गर्जन के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा.
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव का असर अगले 24 घंटों तक बना रह सकता है. राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है. हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान फिर से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। विभाग ने 28 और 29 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इसे भी पढ़ें : बोकारो में रामनवमी महोत्सव का जुलूस शांतिपूर्ण सम्पन्न, उपायुक्त ने सभी को दी बधाई
28 मार्च से 2 अप्रैल तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, बादल और तेज हवा का असर देखने को मिलेगा. इस दौरान कुछ इलाकों में वज्रपात की भी संभावना जताई गई है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार 28 मार्च को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 29 मार्च को उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई गई है.
इसके बाद 30 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है. हालांकि यह राहत ज्यादा दिन नहीं टिकेगी, क्योंकि 31 मार्च को फिर से कई इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. अप्रैल की शुरुआत भी मौसम के उतार-चढ़ाव के साथ होगी. 1 अप्रैल को दक्षिणी झारखंड में हल्की बारिश और तेज हवा चल सकती है. वहीं 2 अप्रैल को उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर राज्य के अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं.
इसे भी पढ़ें : हेमंत सोरेन सरकार का मास्टरस्ट्रोक, पहाड़िया गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने की बड़ी पहल
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान तेज हवा और वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है.
खराब मौसम से रांची एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
खराब मौसम का असर रांची एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला. तेज हवा और बारिश के कारण कई उड़ानें देरी से पहुंचीं, जबकि दो फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा. मुंबई से रांची आने वाली फ्लाइट करीब 47 मिनट देरी से पहुंची. चेन्नई की फ्लाइट को तिरुच्चिरापल्ली और हैदराबाद की फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट किया गया. दिल्ली, बेंगलुरु और भुवनेश्वर से आने वाली उड़ानें भी प्रभावित रहीं.
