RANCHI : झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है. आने वाले 3 से 4 दिनों तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.
कई जिलों में चेतावनी, 12 अप्रैल के बाद बढ़ सकती है गर्मी
विभाग ने बताया कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है. कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. खासकर रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है.
इसे भी पढ़ें : जिला गंगा समिति द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान, 14 से 22 अप्रैल तक चलेगा कार्यक्रम
मौसम में इस बदलाव से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर किसानों और आम लोगों के लिए सतर्क रहना जरूरी है. अगले तीन दिनों तक रांची सहित राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. हालांकि 12 अप्रैल के बाद गर्मी में इजाफा होने के आसार हैं और कुछ क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बुधवार को सरायकेला राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं बोकारो में सबसे अधिक 19.4 मिमी बारिश हुई, जबकि लातेहार में 13 मिमी और रांची में 9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.
