L19/Ranchi : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव और झारखंड प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय रविवार को रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सांसद धीरज साहू के ठिकानों से मिले 500 करोड़ के मामले में कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। यह उनका निजी मामला है।
उन्होंने कहा कि धीरज साहू के बारे में सभी को पता है कि साहू परिवार झारखंड और राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े व्यवासायिक घराने की श्रेणी में आता है। आयकर विभाग ने इस मामले में अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। जब तक आधिकारिक रूप से आईटी की टीम कोई जानकारी नहीं देती और खुद धीरज साहू के परिवार वाले अपना पक्ष नहीं रखते हैं, तब तक पार्टी इस पर कोई भी टिप्पणी नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि समय आने पर पार्टी भाजपा के हर सवालों का जवाब उनके अंदाज में देगी। अविनाश पांडेय के रांची पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री बन्ना गुप्ता, शहजाना अनवर, सुबोधकांत सहाय, रवींद्र सिंह, जयशंकर पाठक, गुंजन सिंह सहित अन्य ने उनका जोरदार स्वागत किया।