Vijay Thakur
GODDA : गोड्डा जिले में सड़क निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. राजाभीठा से मालभीठा तक बन रही लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी सड़क में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए देवीपुर गांव के ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें : अभियंता की टीम ने सड़क निर्माण का किया निरीक्षण
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है. निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग और तय मानकों की अनदेखी की जा रही है. लोगों का कहना है कि सड़क की मोटाई और मजबूती मानक के अनुरूप नहीं है, जिससे सड़क जल्द ही खराब हो सकती है. ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के खिलाफ खुलकर विरोध जताया.
बताया जा रहा है कि इस सड़क निर्माण कार्य की पहल राजाभीठा पंचायत के मुखिया सुखलाल सोरेन और झामुमो के क्षेत्रीय सचिव सिकंदर अंसारी के द्वारा की गई थी. विरोध के दौरान बदरुद्दीन अंसारी, प्रेम मड़ैया, सज्जाद अंसारी, मुख्तार अंसारी, जमशेद अंसारी, गोपिंदर टुडू समेत देवीपुर पंचायत समिति के कई सदस्य मौके पर मौजूद रहे. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराकर आम जनता को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जाए. फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण मामले में पुलिस ने एजेंसी संचालक को भेजा जेल
