Vijay Thakur
GODDA : सड़क सुरक्षा को लेकर गोड्डा परिवहन विभाग लगातार सख्त नजर आ रहा है. इसी कड़ी में रविवार को महागामा थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भदोरिया के दिशा-निर्देश पर चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई.
अभियान के दौरान महागामा थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य सड़कों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई. परिवहन विभाग की टीम ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सख्त हिदायत दी गई. जांच के दौरान कई वाहन चालक बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और आवश्यक कागजात के बिना पाए गए. ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 24 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. अचानक चले इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग रास्ता बदलकर निकलते नजर आए.
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आगे भी इस तरह का सघन वाहन जांच अभियान जारी रहेगा. अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय सभी जरूरी कागजात अपने साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें. नियमों का पालन करने से न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को भी काफी हद तक रोका जा सकता है. इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम के साथ स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही और पूरे अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई. मौके पर कार्यालय कर्मी मिट्ठू मिश्रा एवं महागामा थाना प्रभारी एवं शस्त्रबल मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : गैस चूल्हे से घर में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान, बाल-बाल बचा परिवार
