Vijay Thakur
GODDA : मेहरमा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुड़नी मोड़ के पास एक अनाज गोला में अज्ञात अपराधियों ने रविवार की शाम फायरिंग कर दी. इस घटना में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है.
इसे भी पढ़ें : लिट्टीपाड़ा विधायक ने बांसलोई नदी पर 8.33 करोड़ की लागत वाली हाई लेवल ब्रिज की रखी आधारशिला
घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी अचानक सुड़नी मोड़ स्थित अनाज गोला के पास पहुंचे और दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए. पहली गोली दुकान के टेबल में जा लगी, जबकि दूसरी गोली वहां काम कर रहे मजदूर जयराम मंडल के पैर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोग काफी सहमे हुए नजर आए. अचानक फायरिंग हुई, जिससे सभी लोग घबरा गए. एक गोली टेबल में लगी और दूसरी मेरे मजदूर के घुटने में लगी. इससे पहले 9 मार्च को रंगदारी की धमकी भी मिली थी, जिसकी शिकायत थाना में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद और थाना प्रभारी सौरभ कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है.

घायल मजदूर जयराम मंडल को पहले मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.
इसे भी पढ़ें : पथरगामा अस्पताल में बढ़ा मरीजों का भरोसा, बेहतर सेवाओं से उमड़ी भीड़
