Ritika
RANCHI : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सारंडा के घने जंगल में एक बार फिर नक्सलियों की कायराना साजिश सामने आई है. छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा जंगल में IED ब्लास्ट होने से सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया. इस धमाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन 205 के जवान अनुज कुमार घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक जवान ऑपरेशन के दौरान इलाके में सर्च अभियान चला रहे थे, तभी जंगल में पहले से लगाए गए IED में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा, हालांकि सुरक्षा बलों की सतर्कता से बड़ी अनहोनी टल गई.
इसे भी पढ़ें : बरहेट अंचल क्षेत्र के सनमनी मौजा में आदिवासी जमीन से जुड़े मामले में सोरेन परिवार को नहीं मिल रहा न्याय

जवान को एयरलिफ्ट किया गया
विस्फोट में जवान अनुज कुमार के पैर में चोट आई है लेकिन राहत की बात यह है कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टीम मौके पर पहुंच गई और घायल जवान को जंगल से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया. अधिकारियों के अनुसार जवान को तत्काल बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

कार्रवाई से बौखलाए नक्सली
इस घटना की पुष्टि बहामन टूटी ने की है, जो चाईबासा के SDPO हैं. उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि नक्सलियों की साजिश को नाकाम किया जा सके. गौरतलब है कि इसी साल जनवरी में सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों ने बड़ा अभियान चलाया था. ऑपरेशन मेघा गुरु के तहत कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और CRPF के करीब 4000 जवानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 16 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया था. माना जा रहा है कि उसी कार्रवाई से बौखलाए नक्सली लगातार सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा बल हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
इसे भी पढ़ें : फ़्रीडम ऑफ स्पीच: क्या हम आजाद हैं बोलने के लिए, या हमारी आजादी की भी एक सीमा है
