Vijay Thakur
GODDA : जिले से झकझोर देने वाली एक खबर सामने आई है. जहां ट्यूशन पढ़कर घर वापस लौट रही 5 साल की एक मासूम बच्ची को एक बेकाबू हाईवा ने रौंद दिया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. बता दें, यह पूरी घटना जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र के भगैया गांव के पास की है. मृतक की पहचान चंचल (5 वर्ष) के रुप में हुई है. वह भगैया गांव की ही रहने वाली थी और ट्यूशन पढ़ने के बाद अपने घर वापस लौट रही थी. लेकिन उसे यह मालूम नहीं थी कि घर की दहली पर ही मौत उसका इंतजार कर रही है.
इसे भी पढ़ें : किशोरी यादव चौक के पास नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण, 14 डिसमिल सरकारी जमीन कराई गई मुक्त
जानकारी के अनुसार, चंचल ट्यूशन से घर वापस लौट ही रही थी कि तभी अचानक एक बेकाबू हाईवा ने उसे अपनी चेपट में लेते हुए कुचल दिया. जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. मासूम बच्चे जिस उम्र में खेलते-हंसते और सपने देखते हैं उसी उम्र में चंचल के सारे अरमान सड़क पर ही दम तोड़ गए. उसकी मुस्कान, उसकी पढ़ाई के सपने और उसके मासूम ख्वाब सबकुछ एक ही पल में खत्म हो गया.
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. मां का रो-रोकर बुरा हाल है, उसकी करुण पुकार सुनकर पूरा गांव गम में डूब गया. वहीं पिता की आंखों में बेबसी साफ झलक रही है. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सबसे दर्दनाक बात ये है कि चंचल की एक बड़ी बहन पहले से ही दिव्यांग है. अब इस हादसे ने परिवार की कमर तोड़ दी है.
परिजन सरकार से न्याय और मुआवजे की गुहार लगा रहे हैं. उनका कहना है अब आखिर किसके सहारे जियेंगे. वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाईवा को जब्त कर लिया है. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें : खूनी गोतिया विवाद: एक ही परिवार के तीन लोगों को उतारा मौत के घाट, गोड्डा पुलिस ने ट्रिपल मर्डर का किया उद्भेदन
