BERMO : बेरमो अनुमंडल अंतर्गत गांधीनगर थाना क्षेत्र के काली मंदिर स्थित सीआईएसएफ कॉलोनी के समीप बुधवार की रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय सीआईएसएफ जवान सुनील कुमार की मौत हो गई. तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही स्थिति गंभीर हो गई थी.
इसे भी पढ़ें : हेमंत सोरेन को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की कार्यवाही पर लगाई रोक, कहा एजेंसी प्रभावी अभियोजन पर फोकस करे
घटना के संबंध में बताया जाता है कि कांस्टेबल सुनील कुमार गांधीनगर स्थित सीआईएसएफ कॉलोनी के अपने आवास से कुछ सामान खरीदने के लिए पैदल ही बाजार जा रहे थे. रात्रि लगभग आठ बजे जैसे ही वह सड़क पर निकले, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित टीवीएस बाइक संख्या: JH09AU 3996 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और साथी जवानों ने सुनील कुमार को सीसीएल के ढोरी केंद्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं संडे बाजार निवासी बाइक सवार दो युवक आयुष कुमार और आलोक कुमार भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए.
गांधीनगर पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद सीआईएसएफ जवानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. जवानों का कहना है कि
कॉलोनी की सड़कों पर आए दिन युवक काफी तेज रफ्तार में बाइक चलाते हैं. रफ्तार पर नियंत्रण न होने के कारण पहले भी कई बार दुर्घटनाएं होते-होते बची हैं. सुरक्षा के लिहाज से इन सड़कों पर गति नियंत्रण के उपाय किए जाने चाहिए.
मृतक जवान सुनील कुमार मूल रूप से औरंगाबाद का रहने वाला था और वर्तमान में सीसीएल के कारो परियोजना में तैनात था. कुछ समय पहले ही उसकी पोस्टिंग यहां हुई थी. घटना की सूचना पाकर पत्नी और तीन बच्चे (दो पुत्री और एक पुत्र) अस्पताल पहुंचे, उनके विलाप से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया.
