RAMGARH : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में आयोजित ‘बाहा पर्व’ में शामिल हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ नेमरा गांव स्थित जाहेर थान पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की.
इसे भी पढ़ें : गढ़वा के स्कूल में शिक्षकों ने लांघी मर्यादा, तीन शिक्षकों पर गिरी गाज

परंपरा के अनुसार पूजन कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू तथा कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रामीणों के साथ अपने निवास स्थान से पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे और ‘बाहा पूजा’ में भाग लिया.
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर उत्साहित दिखे ग्रामीण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘बाहा पर्व’ में शामिल होने नेमरा पहुंचे. उन्हें अपने बीच पाकर नेमरा सहित आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला. ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया. उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया.

इसे भी पढ़ें : एक कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ कुख्यात अंतर जिला अपराधी गिरफ्तार
सपरिवार पहुंचे नेमरा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे. उनके आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नेमरा पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ लोगों से मिलकर उनकी बातें सुनीं और सभी को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं.
