L19/Giridih : गिरिडीह में शनिवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतकों में चार व्यक्ति गजोडीह और एक चरघरा पहरियाडीह गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक सभी लोग स्कॉर्पियो से बिरनी थाना क्षेत्र के थोरिया से टिकोडीह गांव गये हुए थे। रात में भोजन करने के बाद सभी लोग वाहन से वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी। इससे घटनास्थल पर ही पांच लोगों की मौत हो गयी।
जबकि, एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गयी। दूसरे घायल की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गये। मृतकों की पहचान 72 वर्षीय मो. यूसुफ मियां , 40 वर्षीय इम्तियाज मियां , 35 वर्षीय सुभान अंसारी और चालक सगीर अंसारी के रूप में हुई है।
घायलों का नाम 75 वर्षीय याकुफ अंसारी और 35 वर्षीय आफताब अंसारी है। गजोडीह निवासी डा. फारूक अंसारी के पुत्र की शादी थी. इस वजह से सभी लोग सगीर अंसारी की गाड़ी को रेंट में लेकर गिरिडीह के टिकोडीह गांव गये हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी और बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया।