L19/DEOGHAR : देवघर में पिता ने जिस बेटी की हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई वह बेटी 48 घंटे बाद सही-सलामत जिंदा लौट आई। महिला शोभा देवी देवीपुर थानाक्षेत्र के तिलौना गांव की रहने वाली है। पिता बहादुर दास ने 3 जून को दामाद पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। शोभा की शादी कुछ वर्ष पहले मधुपुर थानाक्षेत्र के जयंतीग्राम में हुई थी।
शोभा ने पुलिस को बताया कि उसके पति विक्की दास ने उसे कहीं बेच दिया था। वह किसी तरह जान छुड़ाकर वहां से भाग आई है। शोभा ने कहा कि उसने कई दिनों से ठीक से भोजन नहीं किया। ऐसे में नगर थाने के मेस से खाना मंगवाकर शोभा को खिलाया गया। फिलहाल शोभा को महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।
शोभा के पिता बहादुर दास ने पुलिस को बताया कि 31 मई को उन्हें बताया गया कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को गायब कर दिया है। पिता ने कहा कि दामाद विक्की दास और उसकी चचेरी भाभी संगीता 5 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। शोभा ने 1 महीने पहले बेटी को जन्म दिया। इसके बाद से प्रताड़ना और भी ज्यादा बढ़ गई। अक्सर ससुराल में शोभा के साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने कहा कि जब उन्हें शोभा की हत्या और शव गायब करने की खबर दी गई तो वह अपने स्तर से पता लगाते रहे। जब कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली तो 3 जून को पुलिस को शिकायत दर्ज करवा दी।