RANCHI : झारखंड में एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकतम तापमान में 6.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच लगातार कम हो रहे अंतर के कारण दिनभर ठंड का असर बना हुआ है और कनकनी बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही पछुआ हवाओं ने ठंड को और तीखा कर दिया है। फिलहाल ठंड से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक और गिरावट हो सकती है।
14 जिलों में घना कोहरा, 8 जिलों में शीतलहर
मौसम विभाग ने 5 और 6 जनवरी को राज्य के 14 जिलों में घने कोहरे और 8 जिलों में शीतलहर चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
स्कूलों में छुट्टी, परीक्षाओं पर छूट

मौसम की गंभीरता को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने 5 और 6 जनवरी को जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित करने का आदेश दिया है। हालांकि जिन स्कूलों में परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां स्कूल प्रबंधन अपने विवेक से परीक्षा आयोजित कर सकता है।
6 जनवरी को सरकारी स्कूलों में शिक्षक उपस्थित रहेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निपटारा करेंगे।
कोहरे से हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित
रविवार सुबह राजधानी रांची में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर 600 मीटर तक पहुंच गई। इसके कारण एयर इंडिया की दिल्ली-रांची-दिल्ली फ्लाइट रद्द कर दी गई। बेंगलुरू और मुंबई से आने वाली दो फ्लाइट्स को कोलकाता डायवर्ट किया गया, जो बाद में रांची लौटीं। वहीं 12 से अधिक फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं।
कोहरे का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा है। कई ट्रेनें एक से चार घंटे की देरी से चल रही हैं।
मौसम वैज्ञानिक की राय
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सर्दियों में अधिक प्रभाव डालता है। जब इसका असर कमजोर होता है तो उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं चलने लगती हैं। हवा में नमी बढ़ने से शीतलहर जैसी स्थिति बनती है और ठंड लंबे समय तक बनी रहती है
