RANCHI : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (CUJ) के जनसंचार केंद्र की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रश्मि वर्मा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘वुमेन लीडरशिप इन एजुकेशन’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान लंदन स्कूल ऑफ डिजिटल बिजनेस द्वारा आयोजित LEAP 2025 ग्लोबल अवॉर्ड्स के अंतर्गत प्रदान किया जा रहा है।
यह अवॉर्ड उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में महिला नेतृत्व, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए 70 देशों और 400 से अधिक संस्थानों से कुल 250 शीर्ष नेतृत्व और 500 से अधिक शिक्षाविदों के नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल 130 शिक्षाविदों का चयन किया गया। यह अवॉर्ड आगामी नवंबर 2025 में दुबई में आयोजित होने वाले समारोह में प्रदान किया जाएगा।
डॉ. वर्मा की शैक्षणिक एवं सामाजिक उपलब्धियाँ
डॉ. रश्मि वर्मा पिछले 15 वर्षों से केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड में शिक्षण एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। वे विश्वविद्यालय की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम की सक्रिय सदस्य भी हैं।
हाल ही में उन्हें WICCI (Women’s Indian Chamber of Commerce and Industry) की मीडिया परिषद में झारखंड की राज्य अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, वे पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) रांची चैप्टर की सचिव भी हैं।
सामाजिक और मीडिया साक्षरता में योगदान:
डॉ. वर्मा द्वारा मीडिया शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयं सहायता समूह, गैर-सरकारी संगठन और सामुदायिक कार्यकर्ताओं के लिए समाचार और सूचना साक्षरता पर कई कार्यशालाओं का आयोजन किया गया है। उनके कार्यों और दृष्टिकोण पर आधारित विशेष साक्षात्कार दूरदर्शन रांची पर भी प्रसारित हो चुके हैं।
सम्मान संस्थान और राज्य के लिए गर्व का विषय:
डॉ. रश्मि वर्मा की यह उपलब्धि न केवल केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड, बल्कि पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है। उनका नेतृत्व और कार्य सामाजिक परिवर्तन के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए एक प्रेरणा है।