DHANBAD : धनबाद नगर निगम का चुनाव बेहद दिलचस्प नजर आ रहा है. यहां भाजपा से जुड़े कई दिग्गजों ने अपनी किस्मत आजमाने के लिए इस उम्मीद में नामांकन पर्चा खरीदा की भाजपा उनका समर्थन करेगी. यहां बताना जरूरी है कि नगर निकाय के ये चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहे हैं. जिसके कारण कोई भी राजनीतिक पार्टी सीधे तौर पर कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं कर सकती है ना ही पार्टी का चुनाव चिन्ह इस्तेमाल हो सकेगा. यानी इस चुनाव में राजनीतिक दलों की भागीदारी खत्म कर दी गई है. भले ही पार्टियां आधिकारिक तौर पर अपने चुनाव चिन्ह पर प्रत्याशी खड़ा नहीं कर सकती लेकिन उनका समर्थन मुमकिन है कि रहता ही है.

संजीव अग्रवाल को भाजपा ने दिया समर्थन
ऐसी ही समर्थन की आस में धनबाद भाजपा के कई नेताओं ने धनबाद नगर निगम में मेयर पद के लिए नामांकन पत्र खरीदा लेकिन भाजपा ने अंततोगत्वा संजीव अग्रवाल को अपना समर्थन दिया है. संजीव अग्रवाल 4 फरवरी को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. इस अवसर पर झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के भी उपस्थित रहने की संभावना है. संभव है कि अपनी उपस्थिति से प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देंगे साथ ही मार्गदर्शन भी करेंगे.

पूर्व मेयर हुए झामुमो के
बता दें कि धनबाद मेयर के लिए सांसद ढुल्लू महतो की पत्नी सावित्री देवी, झरिया विधायक रागिनी सिंह के पति संजीव सिंह सहित पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी नामांकन पर्चा खरीदा था. कहा जा रहा है कि चंद्रशेखर अग्रवाल, भाजपा द्वारा समर्थन नहीं किए जाने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो गए. हालांकि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने धनबाद में मेयर पद के लिए डॉ. नीलम मिश्रा का समर्थन किया है.
भाजपा द्वारा संजीव अग्रवाल को समर्थन देने के बाद देखना दिलचस्प हो गया है कि भाजपा नेताओं के सगे संबंधी अनुशासन के नाम पर अपना नामांकन वापस लेते हैं या फिर स्वतंत्र रूप से चुनावी रणभूमि में उतरकर अपनी किस्मत जनता के हवाले करेंगे.
