
L19DESK: राजकीय श्रावणी मेला, 2023 के दूसरे दिन बाबा धाम और वासुकीनाथ स्थित फौजदारी बाबा मंदिर के कपाट सुबह से ही खोल दिये गये। दोनों जगहों पर भक्तों की अपार भीड़ देखी गयी। पहले दिन देवघर बाबा मंदिर में 1.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। उधर दूसरे दिन सुबह चार बजे मंदिर का पट खोल दिया गया। भक्तजन पट खुलते ही जलार्पण शुरू करने लगे और कांवरियों की लंबी कतार सुबह से ही क्यू कांपलेक्स में देखी गयी। क्यू कॉम्प्लेक्स होते हुए नेहरू पार्क तक भक्तों की कतार पहुँच गयी थी। इसके अलावे जलार्पण हेतु कतारबद्ध कांवरियों को नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स से मानसिंघी फुट ओवर ब्रीज होते हुए बाबा मंदिर के गर्भ गृह में लगे अर्घा के माध्यम से जलार्पण कराया जा रहा है। उधर फौजदारीनाथ दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। अहले सुबह 2.35 बजे मंदिर का पट खोल दिया गया। सरकारी पूजा के बाद 3.10 बजे से श्रद्धालुओं ने जलार्पण शुरू किया। दुमका के उपायुक्त रवि शंकर शुक्ता की तरफ से पूरे मेला क्षेत्र के विधि व्यवस्था पर नजर रखी जा रही थी। साथ ही उनके द्वारा समय समय पर आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे थे।
हर-हर महादेव के जयघोष
पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रावण के महीने में भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार दर्शन भी अद्भूत होता है। इसी आलोक में मंदिर प्रांगण में प्रतिनियुक्त अधिकारियों ने कांवरियों की कतार को सुचारू रूप से गर्भगृह में प्रवेश कराया जा रहा है श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु जगह जगह पर मेडिकल कैंप बनाये गए हैं। इन कैंपों पर जरूरी दवाइयों के साथ साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम की प्रतिनियुक्ति की गयी है। श्रद्धालुओं के रहने के लिए टेंट सिटी बनायी गयी है। यहां पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निःशुल्क हैं। टेंट सिटी को हवादार बनाया गया है। शौचालय और स्नान करने की भी सुविधा टेंट सिटी में उपलब्ध करायी गयी है।
