L19/Ranchi : संपन्न जन प्रतिनिधि के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। राहे प्रखंड के उप प्रमुख उमेश प्रसाद को जिला आपूर्ति पदाधिकारी की ओर से कानूनी नोटिस भेजा गया है। उपायुक्त के आदेश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने राहे प्रखंड के उप प्रमुख उमेश प्रसाद को नोटिस जारी किया है। उप प्रमुख उमेश प्रसाद से 6 दिनों के अंदर एक लाख 10 हजार 600 रुपए की वसूली का आदेश दिया गया है।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि अगर उमेश प्रसाद ने छह दिनों में पैसे जमा नहीं किए, तो उनके खिलाफ जिला प्रशासन कानूनी कार्रवाई करेगा। नौ अक्टूबर को रांची डीसी ने राहे के उपप्रमुख के खिलाफ आयी शिकायत पर जांच का आदेश दिया था। उप प्रमख संपन्न होने के बावजूद राशन कार्ड बनाकर लाभ लेने की शिकायत उपायुक्त रांची से की गई थी। शिकायतकर्ता द्वारा उप प्रमुख उमेश प्रसाद द्वारा राशन कार्ड संख्या 202003792368 बनाकर खाद्यान्न उठाव करने की बात कही गई है।
पत्र में शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया है कि उप प्रमुख की पत्नी सरकारी नर्स है तथा वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राहे में कार्यरत है। उप प्रमुख के नाम से चार पहिया वाहन (संख्या JH01ED7507) के साथ सात एकड़ से अधिक जमीन भी है। जांच के दौरान सभी आरोप सही पाए गए।