Vijay Thakur
GODDA : ईद के मौके पर बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र स्थित सुंदर जलाशय (सुंदर डैम) में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पिकनिक और घूमने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई. भीड़ को देखते हुए राजाभीठा थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई. थाना प्रभारी के निर्देश पर सुबह से ही सुंदर डैम के आसपास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई और आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखी गई. इस दौरान विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और जरूरी कागजात के बिना चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई. कई लोगों का मौके पर ही चालान काटा गया, जिससे अन्य लोगों में भी जागरूकता देखने को मिली.
इसे भी पढ़ें : धुरंधर मूवी का प्रिंस खान कनेक्शन, समझा रहे हैं Babulal Marandi

पुलिस द्वारा डैम परिसर में लगातार गश्ती की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. साथ ही, भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवानों को रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है. प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें, सावधानी बरतें और त्योहार को सुरक्षित व शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं. स्थानीय लोगों के अनुसार, हर साल ईद के मौके पर सुंदर डैम में भारी भीड़ होती है, जिसे देखते हुए इस बार पुलिस पहले से ज्यादा सतर्क नजर आई.
इसे भी पढ़ें : कोडरमा में तीन दिन से लापता व्यक्ति का शव मिलाः पहाड़पुर गांव के पास खदान से मिली लाश, परिजनों ने सुरक्षा पर सवाल उठाए
