L19/Ranchi : रांची में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से हुआ कम झारखंड में चक्रावती तूफान का असर खत्म होने के साथ ही ठंड ने राज्यभर में दस्तक दे दी है। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो गया है, जिससे ठंड बढ़ गयी है और कंपकपाने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गयी है।
राज्य के कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग विभाग के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। 16 दिसंबर तक राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहने की संभावना विभाग ने व्यक्त की है। इधर बढ़ती ठंड का असर सामान्य जन जीवन पर भी पड़ने लगा है। रात आठ बजे के बाद अधिकतर व्यस्ततम इलाकों में दुकानें बंद हो जा रही हैं। लगन और ब्याह के मौसम में भी सड़कें सुनसान होने लगी हैं।