
L19/Ranchi : कारोबारी विष्णु अग्रवाल लैंड स्कैम मामले में पूछताछ के लिए ईडी के सामने 31 जुलाई को पेश होंगे। ईडी ने तीसरी बार समन जारी करते हुए हाजिर होने को कहा है। पिछली बार 26 जुलाई को ईडी के हिनू क्षेत्रीय कार्यालय जाना था, लेकिन पूजापाठ का हवाला देते हुए उन्होंने मेल कर समय मांगा था। 26 जुलाई को ही ईडी ने तत्काल नोटिस जारी कर दिया था। ईडी की ओर से जारी समन में उन्हें 11 बजे तक ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय हिनू पहुंचने को कहा गया है।
ईडी सूत्रों की मानें तो लगातार नोटिस के बाद भी प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के सामने हाजिर नहीं होने से विष्णु अग्रवाल को परेशानी हो सकती है। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ कई सबूत हैं। यही वजह है कि विष्णु अग्रवाल ईडी के सवालों के जवाब देने से बच रहे हैं। सूत्रों की मानें तो 31 जुलाई की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
बता दे, कारोबारी विष्णु अग्रवाल मूल रूप से पुरुलिया के रहने वाले हैं। रांची में कई सालों से रह रहे हैं। रांची के सर्कुलर रोड का चर्चित न्यूक्लियस मॉल इन्हीं का है। न्यूक्लियस मॉल का फेज टू कांके रोड चांदनी चौक में है। वह भी इन्हीं का है। रांची में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा के जमीन का मालिक भी हैं। बताया जाता है कि कई मंत्री और विधायकों से विष्णु अग्रवाल के अच्छे संबंध हैं। विष्णु अग्रवाल के संपर्क में हैं कई आईएएस-आईपीएस अधिकारी भी हैं।
