BOKARO : बोकारो के चास थाना क्षेत्र के बंशीडीह गांव में बच्चा चोरी की अफवाह ने बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया. ग्रामीणों ने यूपी के संभल जिले से आए पांच साधुओं को बच्चा चोर समझकर उनकी जमकर पिटाई कर दी. बताया जा रहा है कि साधु यूपी नंबर की गाड़ी से गांव में घूमते हुए भिक्षा मांग रहे थे. इसी दौरान कुछ लोगों को उन पर शक हुआ और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई. किसी ने चास थाने को सूचना दी तो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और साधुओं को भीड़ से बचाकर थाने ले गई. मुख्यालय डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने सभी साधुओं से पूछताछ की लेकिन बच्चा चोरी से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला.
इसे भी पढ़ें : पुलिस और पूर्व मुखिया की तत्परता से बची एक निर्दोष की जान
जांच के बाद साफ हुआ कि सभी साधु भिक्षाटन के लिए इलाके में आए थे और उनका किसी आपराधिक घटना से कोई संबंध नहीं है. पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. डीएसपी ने कहा कि यदि आवेदन दिया गया तो भीड़ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं एसपी हरविंदर सिंह ने लोगों से अपील की है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर भरोसा न करें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत थाना या 112 पर दें. कानून को हाथ में न लें और सोशल मीडिया पर बिना जांच के कोई भी खबर शेयर न करें. पुलिस ने साफ कहा है कि अफवाह फैलाना और भीड़ बनाकर हमला करना खुद एक बड़ा अपराध है.
इसे भी पढ़ें : मिसाल: मुखिया परिवार ने पंचायत वासियों को उपलब्ध कराया निःशुल्क एंबुलेंस सेवा
